पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद, लाठी—डण्डे से मारकर युवक की हुई हत्या
तीन लोगों को गिरफ्तार करके पुलिस ने शुरू कर दी जांच—पड़तालरामपुर, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया जिसमें एक युवक की मौत हो गयी। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते रविवार को राजापुर निवासी दिनेश तिवारी उर्फ मोनू 30 वर्ष पुत्र शेषनाथ तिवारी का अपने पटीदार महावीर तिवारी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जल्द ही यह विवाद मारपीट में बदल गयी जो खूनी रूप ले लिया जिसमें दिनेश गम्भीर रूप से घायल हो गये। परिजन तत्काल इलाज हेतु भदोही के एक निजी अस्पताल में ले गये जहां उपचार के दौरान मौत हो गयी। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि महावीर सहित उसके परिवार के सदस्यों ने दिनेश को अपने घर पर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा जिससे उसकी मौत मौके पर ही हो गयी। पुलिस के मुताबिक घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हुई। मृतक के परिजनों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कई वर्षों से जमीनी विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते दिनेश पर जानलेवा हमला किया गया। ग्रामवासियों ने बताया कि इसी पुराने विवाद के कारण दोनों पक्षों में तनाव था और बीती रात विवाद बढ़ने पर यह घटना हुई।
बता दें कि मृत दिनेश अपने 3 भाइयों में सबसे छोटा था जबकि उसके दो बड़े भाई मुम्बई में रहकर काम करते हैं। दिनेश अपने पीछे अपनी 2 वर्षीया पुत्री राधिका को छोड़ गया। इस घटना से परिवार और गांव में दुख का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को सम्भाली। पुलिस ने बताया कि इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही मामले की गम्भीरता से जांच भी की जा रही है। अन्य साक्ष्य आधार पर आगे की कानूनी कार्यवाही की जायेगी। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।
वहीं इस बाबत पूछे जाने पर क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी ने बताया कि मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्य के आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही की जायेगी। सभी पहलुओं की गम्भीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही की जायेगी।
.jpg)