छात्र को कक्षा में बन्द छोड़ने के मामले में बीएसए गम्भीर
सहायक अध्यापिका कृष्णा कुमारी को किया निलम्बित
सिरकोनी, जौनपुर। स्थानीय विकास खण्ड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बनपुरवा परियांवा में कक्षा 2 के छात्र के क्लास में बन्द रह जाने के मामले को गम्भीरता से लेते हुये जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर जी ने सहायक अध्यापिका कृष्णा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए खण्ड शिक्षा अधिकारी मुंगराबादशाहपुर को जांच अधिकारी नामित किया।
बीईओ सिरकोनी की आख्या के अनुसार बीते 17 जुलाई को सोशल मीडिया और स्थानीय ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मिली कि विद्यालय में कक्षा 2 का छात्र विपिन निषाद क्लास के अन्दर बन्द रह गया है। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने विद्यालय पहुंचकर शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ किया। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया यह तथ्य सही पाया गया कि छात्र कक्षा के अन्दर बन्द रह गया था।
घटना के बाद छात्र के अभिभावकों ने विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुये कार्यवाही की मांग किया था। मामले को गम्भीर मानते हुये बीएसए ने सम्बन्धित शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया।
निलम्बन आदेश के अनुसार निलम्बन अवधि में कृष्णा कुमारी को उच्च प्राथमिक विद्यालय परियांवा (सिरकोनी) से सम्बद्ध किया गया है। वहीं पूरे मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी खण्ड शिक्षा अधिकारी मुंगराबादशाहपुर को सौंपी गयी है। साथ ही बीएसए ने यह भी निर्देश दिया कि जांच निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाय, ताकि दोषी पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
.jpg)
.jpg)